Himachal Shimla

शिमला: कुत्ता मुंह में इंसानी अंग लेकर घूमा, वीडियो वायरल से मचा हड़कंप; शोकॉज नोटिस

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के Atal Institute of Medical Super Specialty (AIMSS) में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। वीडियो में एक कुत्ता इंसान का एम्प्यूटेड अंग मुंह में लेकर घूमता दिखाई दिया, जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। जांच में पता चला कि 19 फरवरी को CTVS विभाग में एक मरीज की घुटने के ऊपर अम्प्यूटेशन सर्जरी हुई थी। एम्प्यूटेड अंग को बायोमेडिकल वेस्ट बैग में पैक करके AIMSS के बायोमेडिकल वेस्ट कॉम्प्लेक्स में निस्तारण के लिए रखा गया था। 21 फरवरी की रात बायोमेडिकल वेस्ट लाते समय कॉम्प्लेक्स का दरवाजा खुला छोड़ दिया गया। यही चूक कुत्ते द्वारा पैक किए गए बैग से अंग निकाल लेने का कारण बनी।

अस्पताल के एमएस डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि अगले दिन खाली बैग कॉम्प्लेक्स के बाहर मिला और 24 फरवरी को वही अंग कुत्ते के मुंह में देखा गया। सुरक्षा कर्मियों ने कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह आक्रामक हो गया और भाग गया। इस मामले में 21 फरवरी को ड्यूटी पर तैनात सफाईकर्मियों और संबंधित सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनके जवाब मिलने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ठेकेदार और बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुरक्षित भंडारण और समयबद्ध उठान सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न दोहराई जा सके। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन और जनता दोनों में सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।