देश में डिजिटल पेमेंट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और ज्यादातर लोग खरीदारी, बिल भुगतान और अन्य लेनदेन के लिए UPI का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी बढ़ती जरूरत को देखते हुए PhonePe ने अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर पेश किया है। अब 5000 रुपये तक के UPI ट्रांजैक्शन के लिए हर बार पिन डालना जरूरी नहीं होगा। इसके बदले बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक के जरिए पेमेंट किया जा सकता है।
यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो दिनभर कई छोटे-छोटे लेनदेन करते हैं, जैसे किराना, दवा, फूड डिलीवरी या टैक्सी/कैब का किराया। इस नए फीचर में स्मार्टफोन का इनबिल्ट सिक्योरिटी सिस्टम दूसरी सुरक्षा की परत के रूप में काम करेगा। मतलब अगर फोन में फिंगरप्रिंट या फेस लॉक सेट है, तो उसी के जरिए 5000 रुपये तक का लेनदेन आसानी से पूरा किया जा सकेगा। बड़े लेनदेन के लिए अभी भी UPI पिन आवश्यक रहेगा, जिससे सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह बदलाव पेमेंट प्रक्रिया को तेज और आसान बनाने के लिए किया गया है।
फिलहाल यह सुविधा केवल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध है, लेकिन भविष्य में इसे iPhone यूजर्स के लिए भी लाया जा सकता है। उपयोग के लिए ऐप में जाकर ‘Manage Payments’ में बायोमेट्रिक पेमेंट को सक्रिय करना होगा और पहली बार सेटअप के समय UPI पिन और बायोमेट्रिक दोनों से पुष्टि करनी होगी। यह कदम डिजिटल लेनदेन को और सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









