World

Nigeria Terror Attack: क्वारा में चरमपंथियों का हमला, 162 लोगों की मौत

पश्चिमी नाइजीरिया के क्वारा राज्य में मंगलवार शाम हुए एक बड़े आतंकी हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। हथियारबंद चरमपंथियों ने वोरो और नुकु नामक दो दूरदराज गांवों पर धावा बोलते हुए अंधाधुंध हिंसा की, जिसमें कम से कम 162 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय सांसद मोहम्मद उमर बायो ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे हाल के महीनों का सबसे घातक हमला बताया। उनके अनुसार हमले के पीछे इस्लामिक स्टेट से जुड़े लकुरावा संगठन का हाथ होने की आशंका है, हालांकि किसी समूह ने आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं ली है।

रेड क्रॉस ने बताया कि गांवों की दूरी और दुर्गम रास्तों के कारण राहत दल समय पर नहीं पहुंच सके। टीवी फुटेज में जले घर, खून से सने शव और बंधे हाथों वाले पीड़ितों के दृश्य सामने आए हैं। राज्य के गवर्नर अब्दुल रहमान अब्दुल रजाक ने इसे सुरक्षा बलों की कार्रवाई के जवाब में आतंकियों की हताशा करार दिया। सेना का कहना है कि यह समूह पड़ोसी नाइजर सीमा से सक्रिय हुआ है।