National

इंडिगो की कुवैत–दिल्ली फ्लाइट को मिली बम और हाईजैक की धमकी, अहमदाबाद में कराई गई आपात लैंडिंग

कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के भीतर बम और हाईजैक से जुड़ी धमकी सामने आई। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने तुरंत विमान को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया, जहां सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इसकी आपात लैंडिंग कराई गई।

सूत्रों के अनुसार, विमान में एक टिशू पेपर पर लिखा धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें विमान को नुकसान पहुंचाने और कब्जे में लेने की बात कही गई थी। इस सूचना के मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।

विमान में सवार करीब 180 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी पहचान और सामान की गहन जांच की गई। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा टीमों ने पूरे विमान की बारीकी से तलाशी ली। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु नहीं पाई गई है। एयरपोर्ट पुलिस के मुताबिक, सभी तय सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया है और फिलहाल आगे की जांच जारी है। इस कारण दिल्ली जाने वाली उड़ान में लगभग दो घंटे की देरी होने की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में इंडिगो की कई उड़ानों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। 18 जनवरी को दिल्ली से बागडोगरा जा रही फ्लाइट को बम की धमकी के बाद लखनऊ में उतारा गया था, जबकि 22 जनवरी को दिल्ली–पुणे उड़ान में विमान के शौचालय से धमकी भरा नोट मिलने पर पुणे में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं और ऐसे मामलों के पीछे जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है।