BBN Himachal

बद्दी में एशिया लैबेक्स 2026 का दूसरा दिन, प्रदर्शनियों को देखने उमड़ा लोगों का सैलाब

औद्योगिक नगरी बद्दी में आयोजित एशिया लैबेक्स 2026 का आज दूसरा दिन है। एक्सपो के पहले ही दिन से यहां जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और दूसरे दिन भी प्रदर्शनियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। देश-विदेश से आई कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर आधुनिक तकनीक, नवीन मशीनरी और अत्याधुनिक लैब उपकरणों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों, उद्यमियों, छात्रों और आम लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

एशिया लैबेक्स 2026 में फार्मास्यूटिकल्स, केमिकल, बायोटेक्नोलॉजी और रिसर्च सेक्टर से जुड़ी नई तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस एक्सपो के माध्यम से उद्योगों को न केवल नए व्यापारिक अवसर मिल रहे हैं, बल्कि तकनीकी नवाचारों की जानकारी भी साझा हो रही है।

प्रदर्शकों का कहना है कि बद्दी जैसे औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्सपो का आयोजन स्थानीय उद्योगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहा है। वहीं आगंतुकों ने भी एक्सपो की व्यवस्थाओं और प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की। आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में और भी अधिक संख्या में विज़िटर्स के पहुंचने की उम्मीद है।