National

राहुल गांधी और खरगे से मुलाकात के बाद बोले शशि थरूर-सब ठीक है, हम मिलकर आगे बढ़ेंगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पार्टी को लेकर बड़ा बयान दिया है। तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने कहा कि दोनों वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी बातचीत सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण रही। उन्होंने साफ किया कि वे किसी भी तरह से मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं और फिलहाल अपनी सांसद की भूमिका पर ही केंद्रित हैं।

मंगलवार को संसद भवन में हुई यह बैठक करीब 90 मिनट तक चली। राजनीतिक हलकों में इसे कांग्रेस के भीतर पिछले कुछ समय से बनी असहज स्थिति को दूर करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, शशि थरूर हाल के महीनों में पार्टी की कई अहम बैठकों से अनुपस्थित रहे थे, जिससे उनके और शीर्ष नेतृत्व के बीच मतभेद की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

सूत्रों के अनुसार, थरूर इस बात से नाराज बताए जा रहे थे कि उन्हें पार्टी कार्यक्रमों में अपेक्षित महत्व नहीं मिल रहा था। खासकर कोच्चि के एक बड़े आयोजन में उनका नाम न लिया जाना उनकी नाराजगी का कारण माना गया। इसके बाद उन्होंने कुछ बैठकों से दूरी बना ली थी। हालांकि, राहुल गांधी और खरगे से मुलाकात के बाद थरूर का रुख नरम नजर आया। उन्होंने कहा कि पार्टी में सब कुछ ठीक है और कांग्रेस एकजुट होकर आगे बढ़ेगी। केरल विधानसभा चुनाव से पहले यह मुलाकात कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही है।