National Punjab

सुखबीर सिंह बादल पर हमले की वजह आई सामने, लॉ ग्रेजुएट आरोपी ने किया बड़ा खुलासा

महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित मुगट के माता साहेब गुरुद्वारे में शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमले की एक बड़ी घटना सामने आई है। दर्शन करके सीढ़ियों से नीचे उतर रहे सुखबीर सिंह बादल पर एक निहंग ने कृपाल से हमला कर दिया। हालांकि, सुरक्षा में तैनात जवानों की मुस्तैदी से हमलावर को तुरंत काबू में कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

नांदेड़ पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 1:50 बजे हुई। हमले के दौरान बचाव कार्य में लगे एस पी यू (SPU) के पुलिस इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे के हाथ में भी चोट आई है। घटना के तुरंत बाद सुखबीर बादल और घायल पुलिस अधिकारी दोनों को नांदेड़ के यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों की सेहत फिलहाल पूरी तरह स्थिर और खतरे से बाहर है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी निहंग की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले दो साल से नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में सेवादार के रूप में रह रहा था। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी जसपाल सिंह ने पुणे से लॉ की पढ़ाई की है और वह एक लॉ ग्रेजुएट है।

सुखबीर सिंह बादल पर इस हमले की वजह बताते हुए आरोपी ने पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा किया। जसपाल सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सुखबीर सिंह बादल के कार्यकाल के दौरान पंजाब में नशे का कारोबार काफी बढ़ा, जिससे राज्य को ‘उड़ता पंजाब’ की स्थिति का सामना करना पड़ा। इसी बात से गुस्सा होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।