Chandigarh

चंडीगढ़ को मिला नया मेयर, भाजपा के सौरभ जोशी ने बहुमत के दम पर दर्ज की जीत

चंडीगढ़ नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सौरभ जोशी ने मेयर चुनाव में जीत हासिल की है। इस बार चुनावी मुकाबला दिलचस्प रहा क्योंकि आम आदमी पार्टी से गठबंधन तोड़कर कांग्रेस ने भी अपने अलग प्रत्याशी उतारे थे। माना जा रहा था कि अंतिम समय में भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस और आप साथ आ सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और भाजपा ने अपने संख्याबल के दम पर बाज़ी मार ली।

35 सदस्यीय नगर निगम सदन में भाजपा के 18 पार्षद हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के 11 और कांग्रेस के छह पार्षद हैं। चंडीगढ़ के सांसद को भी पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार प्राप्त है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने अपनी पार्टी के प्रत्याशी गुरप्रीत सिंह गाबी के समर्थन में मतदान किया। इस बार मेयर चुनाव गुप्त मतदान की जगह हाथ उठाकर कराया गया, जिसके बाद पार्षदों ने मौखिक रूप से भी अपनी सहमति दर्ज कराई। पीठासीन अधिकारी की भूमिका मनोनीत पार्षद रमनीक सिंह बेदी ने निभाई।

मतदान में भाजपा के सौरभ जोशी को 18 वोट, आप के योगेश ढींगरा को 11 वोट और कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह को सात वोट मिले। वहीं, भाजपा के जसमन सिंह सीनियर डिप्टी मेयर और सुमन शर्मा डिप्टी मेयर चुनी गईं। सुमन शर्मा हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं।