अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए पांच और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशियों में अजनाला से दलजीत सिंह कलसी और मोगा से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला का नाम शामिल है। दोनों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई है और वे फिलहाल जेल में बंद हैं।
इसके अलावा पार्टी ने गिल विधानसभा सीट से दर्शन सिंह शिवालिक, कपूरथला से जगजीत सिंह बाबा जग्गा और कोटकपूरा से रछपाल सिंह को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। इन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान अमृतसर में अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने किया। इससे पहले पार्टी बस्सी पठाना सीट से सतवंत सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में आरोपी रहे केहर सिंह के बेटे हैं। उम्मीदवारों के चयन को लेकर तरसेम सिंह ने कहा कि पार्टी उन परिवारों को प्राथमिकता दे रही है, जिन्होंने कौम के लिए संघर्ष किया है और योगदान दिया है।
अमृतपाल सिंह ने 2024 का लोकसभा चुनाव जेल में रहते हुए खडूर साहिब से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था और जीत हासिल की थी। वह वर्तमान में असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। पार्टी का कहना है कि अमृतपाल सिंह 2027 का विधानसभा चुनाव भी जेल में रहते हुए लड़ेंगे। करीब चार महीने पहले वारिस पंजाब दे ने अमृतपाल सिंह को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। पार्टी पंथक मुद्दों, सिख अधिकारों और युवाओं से जुड़े विषयों को चुनावी एजेंडे में प्रमुखता देने की बात कह रही है। हालांकि, अभी तक पार्टी का राजनीतिक दल के रूप में औपचारिक पंजीकरण नहीं हुआ है।


