Politics West Bengal

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला बंगाल दौरा, 2026 चुनाव की रणनीति पर मंथन

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन आज से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरे को 2026 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है। नितिन नबीन मंगलवार शाम दुर्गापुर के अंडाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे दुर्गापुर के चित्रालय मेला मैदान में आयोजित “कमल मेले” का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पश्चिम बंगाल का पहला दौरा है। दौरे के दौरान नितिन नबीन राज्य बीजेपी कोर कमेटी के साथ हाई-लेवल बैठक करेंगे और संगठनात्मक मजबूती तथा चुनावी रणनीति की समीक्षा करेंगे।

बुधवार सुबह नितिन नबीन ऐतिहासिक भीरिंगी काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे दुर्गापुर में बर्धमान डिवीजन के बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और फिर आसनसोल जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी 30 और 31 जनवरी को पश्चिम बंगाल के दौरे पर आएंगे। माना जा रहा है कि शाह पार्टी नेतृत्व के साथ अहम बैठकें करेंगे और चुनावी रोडमैप को अंतिम रूप देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।