नई दिल्ली में 15 जनवरी, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन परिसर के संविधान सदन के केंद्रीय हॉल में कॉमनवेल्थ के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन (CSPOC) का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। सम्मेलन में 42 देशों और 4 अर्ध-स्वायत्त संसदों के 61 अध्यक्ष व पीठासीन अधिकारी भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना, संसदीय कामकाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग, सांसदों पर सोशल मीडिया के प्रभाव और संसद की जनता के साथ सहभागिता बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करना है।
ओम बिरला ने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा CSPOC सम्मेलन होगा और सम्मेलन के सभी कार्य ऑनलाइन और पेपरलेस तरीके से संचालित किए जा रहे हैं। सम्मेलन के समन्वय और संचालन को सुविधाजनक बनाने के लिए एक मोबाइल ऐप और वेब-आधारित इवेंट मैनेजमेंट सिस्टम भी विकसित किया गया है। सम्मेलन 14 से 16 जनवरी तक आयोजित होगा और इसमें साझा संसदीय मूल्यों, लोकतांत्रिक शासन और संस्थागत सहयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा।









