ईरान में तेजी से बिगड़ते हालात के बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों—छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों-को सलाह दी है कि वे उपलब्ध किसी भी सुरक्षित साधन का उपयोग कर जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें। दूतावास ने कहा है कि मौजूदा स्थिति अस्थिर है और किसी भी समय और गंभीर हो सकती है।
भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, पासपोर्ट व अन्य पहचान पत्र हमेशा अपने पास रखने और प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने को कहा गया है। साथ ही दूतावास के संपर्क में बने रहने की अपील की गई है। आपात स्थिति में मदद के लिए दूतावास ने कई हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की हैं, ताकि संकट में फंसे लोगों को तुरंत सहायता मिल सके।
इसके अलावा, दूतावास ने उन भारतीयों से भी अपना रजिस्ट्रेशन कराने को कहा है जिन्होंने अब तक ऐसा नहीं किया है। यदि इंटरनेट सेवाएं बाधित हों, तो भारत में मौजूद परिजन ऑनलाइन लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। गौरतलब है कि ईरान में व्यापक विरोध प्रदर्शन जारी हैं। कई इलाकों में हिंसा, संचार सेवाओं पर पाबंदी, सड़कों की नाकेबंदी और सार्वजनिक परिवहन ठप होने की खबरें सामने आ रही हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत समेत अन्य देशों ने भी अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।









