Uttar Pradesh

29 जनवरी से वाराणसी में चौथा बनारस लिट फेस्ट, 25 हजार बुकमार्क से बनेगा विश्व रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश की काशी एक बार फिर साहित्य, कला और संस्कृति के रंग में रंगने जा रही है। 29 जनवरी से 1 फरवरी तक वाराणसी में चौथे बनारस लिट फेस्ट (काशी साहित्य–कला उत्सव) का आयोजन होगा। इस वर्ष का मुख्य विषय “बनारस: फ्रॉम साइट टू इनसाइट” रखा गया है, जिसमें साहित्य, ललित कलाओं, संस्कृति और ज्ञान-विज्ञान के विविध पहलुओं पर मंथन होगा। इस बार उत्सव का एक बड़ा आकर्षण 25,000 बुकमार्क तैयार कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास रहेगा, जिन्हें आठ पुस्तकों के रूप में संरक्षित किया जाएगा।

29 जनवरी को अस्सी घाट पर गंगा आरती, सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज के प्रवचन और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की फ्यूजन प्रस्तुति के साथ उत्सव का शुभारंभ होगा। 30 जनवरी से होटल ताज में मुख्य सत्र आयोजित होंगे, जहां देश-विदेश से आए 250 से अधिक लेखक, कवि, कलाकार, विचारक और शिक्षाविद् कविता, कथा, सिनेमा, पत्रकारिता, लोक-संस्कृति, एआई और युवा विकास जैसे विषयों पर संवाद करेंगे। इस लिट फेस्ट में शशि थरूर, पूर्व CJI डी.वाई. चंद्रचूड़, अनुपम खेर, पीयूष मिश्रा, अशोक वाजपेयी, मालिनी अवस्थी, पुलेला गोपीचंद समेत कई प्रमुख हस्तियां हिस्सा लेंगी।