असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 6,000 से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए राज्य में सरकारी नौकरियों का आंकड़ा 1.5 लाख के पार पहुंचा दिया है। इसके साथ ही 2021 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादे से भी अधिक नियुक्तियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि असम प्रत्यक्ष भर्ती परीक्षा (ADRE) के माध्यम से की गई पारदर्शी और एकीकृत भर्ती प्रक्रिया ने युवाओं का भरोसा बहाल किया है। हाल ही में ग्रेड-IV के 4,369 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देने के बाद कुल सरकारी भर्तियों की संख्या 1,50,033 हो चुकी है।
सरमा ने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार और अदालती विवाद आम थे, लेकिन नए कानूनों और अलग-अलग आयोगों के गठन से निष्पक्ष और विश्वसनीय प्रणाली लागू की गई। 28 जिलों में एक साथ परीक्षा आयोजित कर 9 लाख से अधिक उम्मीदवारों को शामिल किया गया, और इस प्रक्रिया में कोई कानूनी विवाद सामने नहीं आया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करने की अपील की और कर्मचारियों के आपसी तबादलों के लिए ‘स्वागत सतीर्थ’ पोर्टल 1 फरवरी से दोबारा खोलने की घोषणा की।









