भारतीय नौसेना लक्षद्वीप द्वीप समूह में 12 से 16 जनवरी 2026 तक एक जॉइंट सर्विसेज मल्टी-स्पेशलिटी मेडिकल कैंप का आयोजन करने जा रही है। इस पांच दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य दूरदराज़ द्वीपों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ और सुपर-स्पेशलिस्ट चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस मेडिकल कैंप का औपचारिक उद्घाटन नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी करेंगे। यह कैंप अगत्ती, कवरत्ती, एंड्रोथ, अमीनी और मिनिकॉय द्वीपों में आयोजित होगा।
इसमें भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के अनुभवी डॉक्टर और विशेषज्ञ शामिल होंगे, ताकि द्वीपवासियों को एक ही मंच पर व्यापक और समन्वित चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। कैंप के दौरान मरीजों को सामान्य परामर्श, इलाज और जरूरी दवाइयों के साथ-साथ चुनिंदा सर्जरी सुविधाएं भी दी जाएंगी, जिनमें मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) ऑपरेशन प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा दंत चिकित्सा के साथ कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी जैसी सुपर-स्पेशलिटी सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
यह पहल नौसेना दिवस आउटरीच कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत भारतीय नौसेना लक्षद्वीप में पहले से मौजूद सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में सहयोग कर रही है। पहले यह शिविर प्राथमिक और दंत चिकित्सा तक सीमित थे, लेकिन लोगों की जरूरत और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए अब इसे मल्टी-स्पेशलिटी स्तर पर अपग्रेड किया गया है। इलाज के बाद मरीजों को फॉलो-अप और आगे की देखभाल को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही रोकथाम, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में दक्षिणी नौसेना कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल समीर सक्सेना, DGAFMS सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरिन, DGMS (नेवी) सर्जन वाइस एडमिरल कविता सहाय, लक्षद्वीप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और सशस्त्र बलों के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे।









