Delhi

दिल्ली-NCR में घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी; ठंड और प्रदूषण दोनों बढ़े

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है और न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो शुक्रवार के मुकाबले कम है।

शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.2 डिग्री अधिक है। IMD ने बताया कि तीन से छह जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में शीतलहर चल सकती है। जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री नीचे चला जाता है, तब शीतलहर घोषित की जाती है।

IMD के आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री, पालम में 7.9 डिग्री और लोधी रोड में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में तापमान नौ डिग्री और आयानगर में 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह नौ बजे दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 240 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।