Business

सर्राफा बाजार में जोरदार उछाल: सोना 830 रुपये महंगा, चांदी 10 हजार रुपये उछली

भारतीय सर्राफा बाजार में इस हफ्ते तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जहां सप्ताह की शुरुआत सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई थी, वहीं मंगलवार को दोनों कीमती धातुओं में एक बार फिर मजबूत तेजी देखने को मिली। मंगलवार को सोना करीब 830 रुपये की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया, जबकि चांदी के दामों में लगभग 10,000 रुपये प्रति किलो की जोरदार छलांग देखने को मिली।

Bullionsdotin वेबसाइट के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे 22 कैरेट सोने का भाव बढ़कर 1,24,740 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि 24 कैरेट सोना 1,36,080 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत उछाल के साथ 2,33,840 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी तेजी का माहौल रहा। यहां सोना 774 रुपये यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,35,716 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। चांदी में 9,307 रुपये या 4.15 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और इसका भाव 2,33,736 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो यूएस कॉमेक्स पर सोना 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,375 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है, जबकि चांदी 5.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74.15 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है। देश के प्रमुख महानगरों जैसे दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद में भी सोने-चांदी के भाव ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं, जिससे निवेशकों और खरीदारों की नजरें बाजार पर टिकी हुई हैं।