बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शुमार सलमान खान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। करीब 37 साल पहले फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाले सलमान ने न सिर्फ लंबे समय तक दर्शकों के दिलों पर राज किया, बल्कि अपनी मेहनत और ब्रांड वैल्यू से अरबों की संपत्ति भी खड़ी की। आज वह बॉलीवुड के सबसे अमीर और सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेताओं में गिने जाते हैं।
बहुत कम लोग जानते हैं कि सलमान खान ने अपने करियर की शुरुआत एक बैकग्राउंड डांसर के तौर पर की थी। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने खुद बताया था कि उनकी पहली कमाई सिर्फ 75 रुपये थी। वहीं आज हालात ये हैं कि सलमान एक फिल्म के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये तक की फीस चार्ज करते हैं। यह सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान की कुल नेटवर्थ करीब 2,900 करोड़ रुपये आंकी जाती है। फिल्मों से होने वाली कमाई के अलावा वह टीवी शोज, ब्रांड एंडोर्समेंट, प्रोडक्शन, रियल एस्टेट और बिजनेस वेंचर्स से भी मोटी आय करते हैं। साल 2012 में शुरू किया गया उनका ब्रांड ‘बीइंग ह्यूमन’ आज सैकड़ों करोड़ की वैल्यू रखता है।
प्रॉपर्टी की बात करें तो सलमान के पास पनवेल में फैला 150 एकड़ का फार्महाउस, मुंबई का गैलेक्सी अपार्टमेंट, गोराई का बंगला और दुबई में भी आलीशान प्रॉपर्टी मौजूद है।
फिल्मी करियर में सलमान खान ने कई ब्लॉकबस्टर और हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्में दी हैं। ‘बजरंगी भाईजान’, ‘सुल्तान’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘टाइगर 3’, ‘प्रेम रतन धन पायो’, ‘किक’ और ‘दबंग’ जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सैकड़ों करोड़ की कमाई की। 60 साल की उम्र में भी सलमान खान का स्टारडम बरकरार है। उनका यह सफर लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है, जो दिखाता है कि मेहनत और लगन से किस तरह सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है।









