मुंबई की लोकल ट्रेन की लेडीज कोच में सुबह की व्यस्त घड़ी के दौरान एक डरावनी घटना सामने आई। पनवेल और खंडेश्वर रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन में 50 वर्षीय शेख अख्तर नवाज ने अवैध रूप से कोच में प्रवेश किया और महिलाओं से बहस करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतनी तेजी से बढ़ा कि आरोपी ने गुस्से में 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा को पीछे से जोरदार धक्का दे दिया। तेज़ रफ्तार ट्रेन में लड़की संतुलन खोकर सीधे पटरी पर गिर गई, जिससे उसके कमर, सिर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। घायल छात्रा ने तुरंत अपने पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, छात्रा की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी देखभाल जारी है। घटना के बाद आरोपी खंडेश्वर स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन यात्रियों ने उसे पकड़कर रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। पनवेल रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और कोर्ट से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजने की अनुमति ली। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है, जिसकी वजह से उसने यह खौफनाक वारदात की।









