Delhi

दिल्ली एयरपोर्ट पर हंगामा: एयर इंडिया के पायलट ने यात्री से की मारपीट, ड्यूटी से हटाया गया

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक यात्री ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट पर बदसलूकी और शारीरिक हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित यात्री अंकित दीवान का दावा है कि पायलट कैप्टन वीरेंद्र ने उनके साथ न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उनकी 7 साल की बेटी के सामने उन्हें पीट भी दिया, जिससे वे घायल हो गए।

पीड़ित के अनुसार, सिक्योरिटी चेक के दौरान उन्हें स्टाफ वाली लाइन में जाने के लिए कहा गया था क्योंकि उनके साथ 4 महीने का बच्चा स्ट्रोलर में था। इसी दौरान लाइन को लेकर विवाद हुआ और बात कहासुनी से आगे बढ़ गई। आरोप है कि पायलट ने गुस्से में आकर यात्री पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें खून निकल आया। घटना के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों ने मामले को और तूल दे दिया।

अंकित दीवान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस घटना ने उनकी पूरी छुट्टियां खराब कर दीं और उनकी बेटी अब भी सदमे में है। मामले के सामने आने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आधिकारिक बयान जारी कर घटना पर खेद जताया है। एयरलाइन ने बताया कि आरोपी पायलट को तत्काल प्रभाव से सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है और मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।