ऋषिकेश के मनसा देवी मंदिर रेलवे फाटक के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी जिसमें कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह कई वाहनों को ओवरटेक करते हुए आगे बढ़ रही थी।
इसी दौरान सड़क पर अचानक किसी जानवर को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में समा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव वाहन के भीतर ही बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को शवों को बाहर निकालने के लिए कटर की मदद से कार की बॉडी को काटना पड़ा। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन के मालिक की शिनाख्त कर ली है और परिजनों को सूचित किया जा रहा है।









