National

जस्टिस सूर्यकांत बने भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई शपथ

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस सूर्यकांत ने आज भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश (CJI) के रूप में शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें CJI के रूप में नियुक्त किया। उनका कार्यकाल 15 महीनों का होगा और यह 9 फरवरी 2027 तक जारी रहेगा।

जस्टिस सूर्यकांत सुप्रीम कोर्ट के कई अहम फैसलों में शामिल रहे हैं, जिनमें अनुच्छेद 370 को रद्द करना और बिहार में SIR से जुड़े मामलों के निर्णय प्रमुख हैं। हाल ही में जस्टिस बीआर गवई के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने चीफ जस्टिस का पद संभाला।

हरियाणा के हिसार में 10 फरवरी 1962 को जन्मे जस्टिस सूर्यकांत ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास्टर्स की डिग्री हासिल की। वे पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में भी महत्वपूर्ण फैसलों के लिए जाने जाते रहे हैं। 5 अक्टूबर 2018 को उन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। जस्टिस सूर्यकांत के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, जस्टिस सूर्यकांत के पास खुद का कोई वाहन नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी के पास वैगनआर है। उनकी संपत्ति में भारत भर में छह आवासीय संपत्तियां और दो भूखंड शामिल हैं। इसमें चंडीगढ़, पंचकुला, गुरुग्राम और दिल्ली में आवास और कृषि भूमि शामिल हैं। उनके गृहनगर हिसार में भी उनके पास पैतृक घर और कृषि भूमि है।