Punjab

महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए पंजाब सरकार ने उठाया बड़ा कदम, जानिए क्या है नई योजना ?

पंजाब सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर विशेष रूप से सजग हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की महिलाओं के लिए एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत हर महीने लाखों महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराई जाएगी।

इस योजना का लक्ष्य पंजाब के हर तबके की महिलाओं तक जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाना है। इस पहल के तहत 13 लाख 65 हजार महिलाओं को नियमित रूप से सेनेटरी नैपकिन दी जाएगी। योजना की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए बजट में 53 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें नैपकिन की खरीद और वितरण दोनों शामिल हैं।

सेनेटरी नैपकिन का वितरण आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा। इसे पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आईटी टूल्स और विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। योजना की निगरानी के लिए एक मोबाइल ऐप और डिजिटल डैशबोर्ड तैयार किया गया है, जिससे रियल टाइम में वितरण की जानकारी और ट्रैकिंग की जा सके।

साथ ही, महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। यह पहल पंजाब में महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छता सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।