हिमाचल में जिला कांगड़ा के वॉलीबॉल संघ ने अंडर-18 प्रदेश स्तरीय टूर्नामेंट के लिए ट्रायल की तारीखों का ऐलान कर दिया है। संघ के जिलाध्यक्ष कमल शर्मा ने बताया कि यह ट्रायल 22 नवंबर को जिला के दो स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। शाहपुर में कांगड़ा इंटरनेशनल स्कूल और पालमपुर के विक्रम बत्रा मैदान में सुबह 10 बजे से ट्रायल होंगे। इसमें हिस्सा लेने वाले लड़के और लड़कियाँ अपने आधार कार्ड के साथ अपने नजदीकी स्थान पर पहुंच सकते हैं।
ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए शाहपुर में तीन दिवसीय अभ्यास कैंप लगाया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय टूर्नामेंट के लिए तैयार किया जाएगा। अभ्यास कैंप पूरा होने के बाद चयनित खिलाड़ी 25 नवंबर को मंडी के संधोल के लिए रवाना होंगे, जहाँ 26, 27 और 28 नवंबर को हिमाचल वॉलीबॉल संघ द्वारा अंडर-18 प्रदेश स्तरीय टूर्नामेंट खेला जाएगा।
जिला कांगड़ा की टीम पूरी तैयारी के साथ इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली है। संघ के प्रतिनिधि अरुण कौशल और रिपन चौधरी भी इस दौरान वॉलीबॉल संघ की ओर से मौजूद रहे और खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी। इस आयोजन का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है और उन्हें उच्च स्तर के मुकाबलों के लिए तैयार करना है।
जिला वॉलीबॉल संघ का यह प्रयास खिलाड़ियों के विकास और खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस टूर्नामेंट में कांगड़ा की टीम की मजबूत उपस्थिति की उम्मीद जताई जा रही है और चयनित खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।









