चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को और अधिक सटीक व पारदर्शी बनाने के लिए देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि SIR का दूसरा चरण अब 12 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों अंडमान निकोबार, गोवा, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में लागू किया जाएगा. वहीं, अन्य राज्यों में छत्तीसगढ़, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु शामिल हैं. इस प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) हर मतदाता के घर तीन बार तक जाएंगे, ताकि नए वोटरों के नाम जोड़े जा सकें और पुरानी सूचियों में मौजूद गलतियों को सुधारा जा सके. BLO घर-घर जाकर Form-6 और Declaration Form भरवाने में भी सहायता करेंगे.
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि यह अभ्यास मृत मतदाताओं के नाम हटाने, दोहरी प्रविष्टियों को खत्म करने और विदेशी नामों को सूची से बाहर करने के लिए आवश्यक है. उन्होंने बताया कि अब तक देश में आठ बार SIR हो चुका है, और यह नौवां चरण है. आयोग ने सभी राज्यों को निर्देश दिया है कि राजनीतिक दलों को प्रक्रिया की जानकारी दी जाए और मतदाता सूची को आज रात तक फ्रीज कर दिया जाएगा. इस पहल से देश की चुनावी प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनने की उम्मीद है.









