Sports

रोहित शर्मा ने रचा इतिहास: बने सबसे उम्रदराज प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतने वाले भारतीय

सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना 50वां इंटरनेशनल शतक पूरा किया. उन्होंने मात्र 125 गेंदों पर नाबाद 121 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारत ने 9 विकेट से जीत हासिल की और ऑस्ट्रेलिया को सीरीज के आखिरी मुकाबले में मात दी. रोहित ने दूसरे विकेट के लिए विराट कोहली (74 रन) के साथ 168 रनों की अटूट साझेदारी कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया. उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला.

इस उपलब्धि के साथ रोहित शर्मा ने एक नया इतिहास रच दिया है. वह अब वनडे क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतने वाले भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 38 साल 178 दिन की उम्र में यह खिताब अपने नाम किया, जिससे उन्होंने एमएस धोनी (37 साल 194 दिन, 2019 बनाम ऑस्ट्रेलिया) को पीछे छोड़ दिया.

रोहित शर्मा ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया. वह ऑस्ट्रेलिया में दो बार वनडे प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 6 वनडे शतक जड़कर किसी भी विदेशी बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक शतकों का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.