Himachal

हिमाचल के साथ केंद्र सरकार का सौतेला व्यवहारः प्रियंका गांधी

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने इस मौके पर वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने वीरभद्र सिंह को एक सच्चा जननेता बताते हुए कहा कि उनके दिल में हमेशा हिमाचल की भलाई रही। उन्होंने यह भी साझा किया कि इंदिरा गांधी से लेकर पूरे नेहरू-गांधी परिवार का हिमाचल से विशेष लगाव रहा है।

प्रियंका गांधी ने भावुक होते हुए कहा कि “मेरा यहां सिर्फ घर नहीं है, बल्कि पहाड़ों से आत्मीय रिश्ता है।” उन्होंने वीरभद्र सिंह को सत्य की राजनीति का प्रतीक बताया और कहा कि जिस तरह महात्मा गांधी ने देश को रास्ता दिखाया, उसी तरह वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को सही दिशा दी — यही कांग्रेस की विचारधारा का आधार है।