World

पाकिस्तान में क्रिकेट मैच के दौरान बम धमाका, 1 की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में एक क्रिकेट मैच के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. बजौर जिले के खार तहसील में कसौर क्रिकेट ग्राउंड पर मैच खेला जा रहा था, तभी अचानक बम धमाका हो गया. इस धमाके में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए.

धमाके के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई. लोग चीखते-चिल्लाते हुए मैदान से बाहर भागने लगे. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे ब्लास्ट के बाद मैदान में धुआं फैल गया और दर्शकों में डर का माहौल बन गया.

पुलिस ने बताया कि यह धमाका IED (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के ज़रिए किया गया था और संभवतः किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाने की कोशिश थी. हालांकि अभी तक किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. बताया जा रहा है कि यह हमला हाल ही में पाकिस्तान में शुरू हुए आतंकी विरोधी ऑपरेशन “सर्बाकाफ” के जवाब में किया गया हो सकता है. इससे पहले कोहात जिले में भी पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो चुकी है.