पटना के पास बख्तियारपुर दियारा इलाके में बाढ़ पीड़ितों को दी जाने वाली सहायता राशि में बड़ी लापरवाही सामने आई है. कई ऐसे लोगों के बैंक खातों में 7-7 हजार रुपये की राहत राशि भेजी गई है, जिनका निधन पहले ही हो चुका है. हरदासपुर, कालादियारा, रूपस महाजी, चिरैया रूपस और रामनगर सतभैया पंचायतों में यह मामला सामने आया है.
हरदासपुर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार ने बताया कि करीब 100 ऐसे लोग सूची में शामिल हैं जो गांव के निवासी नहीं हैं, और 8-10 लोग तो अब इस दुनिया में ही नहीं हैं. बावजूद इसके, उनके खातों में पैसे भेजे गए. उन्होंने कहा कि न तो जनप्रतिनिधियों से राय ली गई, न ही परिवारों की सही जानकारी जुटाई गई. बख्तियारपुर के सीओ निरंजन कुमार ने कहा कि शिकायत मिली है और जांच के बाद गलत भुगतान की राशि वसूली जाएगी.









