नई दिल्ली, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने अपने ग्लोबल विज़न 2027 का खुलासा करते हुए चार नई एसयूवी कॉन्सेप्ट पेश किए। कंपनी ने बताया कि ये कॉन्सेप्ट – Vision.S, Vision.T, Vision.SXT और Vision.X – पूरी तरह नए NU_IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं।
महिंद्रा के मुताबिक NU_IQ एक मॉड्यूलर, मल्टी-एनर्जी प्लेटफॉर्म है, जो उन्नत तकनीक, लचीले पावरट्रेन विकल्प और वैश्विक डिज़ाइन को एक साथ जोड़ता है। इस प्लेटफॉर्म को महिंद्रा रिसर्च वैली में विकसित किया गया है और 2027 से इसका उत्पादन शुरू होगा। यह न केवल भारतीय ग्राहकों बल्कि वैश्विक लेफ्ट-हैंड ड्राइव बाजारों को भी लक्ष्य करेगा।
महिंद्रा इलेक्ट्रिक ऑटोमोबाइल लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आर. वेलुसामी ने कहा कि NU_IQ प्लेटफॉर्म कंपनी की एसयूवी रणनीति का भविष्य है। उन्होंने इसे “एक साहसिक कदम और ग्राहकों को समझौतों से मुक्त करने वाली नई शुरुआत” करार दिया।
मुख्य डिज़ाइन और क्रिएटिव अधिकारी प्रताप बोस ने बताया कि नए कॉन्सेप्ट HEARTCORE डिज़ाइन दर्शन के तहत तैयार किए गए हैं। इन्हें मुंबई और यूके के बैनबरी स्थित महिंद्रा स्टूडियो में डिज़ाइन किया गया है। उनके अनुसार, यह डिज़ाइन “लोगों और वाहनों के बीच भावनात्मक बंधन” को और गहरा करेगा।
महिंद्रा ऑटोमोटिव डिवीज़न के सीईओ और कार्यकारी निदेशक नलिनीकांत गोलागुंटा ने कहा कि ये चारों कॉन्सेप्ट भविष्य की गतिशीलता की झलक हैं और एक “बिना समझौते के नए युग” की शुरुआत करेंगी।
महिंद्रा ने बताया कि हर कॉन्सेप्ट का अपना अलग व्यक्तित्व होगा—Vision.T और Vision.SXT प्रतिष्ठा का प्रतीक होंगे, Vision.S स्पोर्टी और मजबूत डिजाइन दिखाएगा, जबकि Vision.X मूर्तिकलात्मक एथलेटिक लुक पेश करेगा।









