भारतीय टीम के लिए एशिया कप 2025 का चयन इस बार आसान नहीं रहने वाला। टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की जगह को लेकर पहले से ही चर्चाएं जारी हैं, वहीं 15 सदस्यीय स्क्वॉड में रिंकू सिंह की स्थिति भी असमंजस में है। हालांकि रिंकू सिंह ने टूर्नामेंट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। टीम का आधिकारिक ऐलान 19 अगस्त को हो सकता है।
रिंकू सिंह कुछ साल पहले उस समय सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने आईपीएल में यश दयाल के ओवर में लगातार 5 छक्के लगाकर कोलकाता नाइटराइडर्स को यादगार जीत दिलाई थी। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में बतौर फिनिशर जगह मिली। मगर हाल के प्रदर्शन ने उनकी राह मुश्किल कर दी है। टी20 वर्ल्ड कप के लिए वे मुख्य टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे और केवल स्टैंडबाय पर रहे। आईपीएल 2025 में भी उनका बल्ला खास नहीं चला, जिससे अब एशिया कप में उनकी चयन संभावना पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
अगर सभी खिलाड़ी फिट और उपलब्ध रहते हैं तो टीम इंडिया की टॉप 5 बल्लेबाजी लाइनअप में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या शामिल हो सकते हैं। शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने भी आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में सेलेक्टर्स को सख्त फैसले लेने होंगे। माना जा रहा है कि अगर संजू और अभिषेक को मौका दिया जाता है तो गिल और जायसवाल दोनों को एक साथ प्लेइंग XI में जगह नहीं मिल पाएगी।









