अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को भारत का चुनाव समझ लिया। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर दावा किया कि भारत में राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और मतदान खत्म होने के कुछ ही समय बाद नतीजे भी सामने आ गए। ट्रंप ने इसी तुलना के आधार पर अमेरिका की चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया, कैलिफोर्निया और अन्य अमेरिकी शहरों व राज्यों में कम संख्या में वोट होने के बावजूद नतीजों की गिनती में काफी समय लग जाता है। बाद में उन्होंने अपनी पोस्ट में सुधार करते हुए भारत की जगह ब्राजील का नाम लिखा और अमेरिकी वोटिंग सिस्टम को ‘करप्ट’ बताया। उनके इस दावे के समर्थन में पोस्ट में कोई सबूत नहीं दिया गया।
दरअसल, 4 अक्टूबर को ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान हुआ था। करीब 12.5 करोड़ वैध वोट पड़े, जो ट्रंप के बताए आंकड़े से मेल खाते हैं। भारत में राष्ट्रपति का चुनाव सीधे जनता नहीं करती, बल्कि निर्वाचक मंडल के जरिए राष्ट्रपति चुना जाता है। ब्राजील के चुनाव में फ्लावियो बोल्सोनारो को 47.03 प्रतिशत और मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को 45.16 प्रतिशत वैध वोट मिले। किसी भी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच 25 अक्टूबर को दूसरे दौर का मुकाबला होगा। ट्रंप की इस गलती के बाद सोशल मीडिया पर भी उनकी पोस्ट को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आईं। भारत और ब्राजील के चुनावी सिस्टम में अंतर को लेकर यूजर्स ने उन्हें याद दिलाया कि भारत में राष्ट्रपति का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान से नहीं होता। यह पहली बार भी नहीं है जब ट्रंप ने किसी देश या स्थान का नाम गलत संदर्भ में लिया हो।



