National

आवारा कुत्तों पर लगेंगे 15 हजार करोड़, SC के आदेश पर मेनका गांधी ने उठाए सवाल

दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त है. कोर्ट ने आदेश दिया है कि कुत्तों शेल्टर होम में भेजा जाए. कोर्ट ने चेतावनी दी कि अगर कोई इस अभियान में रुकावट डालता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. वहीं, कोर्ट के इस फैसले के बाद पशु अधिकार कार्यकर्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कड़ी आलोचना की.

उन्होंने इसे अव्यावहारिक और क्षेत्र के ईकोलाजिकल बैलेंस के लिए हानिकारक बताया. मेनका गांधी ने कहा कि इस आदेश के अमल पर लगभग 15,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे. क्या दिल्ली के पास इसके लिए इतनी राशि है? उन्होंने फैसले की वैधता पर भी सवाल उठाया और कहा कि एक महीने पहले ही सुप्रीम कोर्ट की एक अलग पीठ ने इसी मुद्दे पर एक संतुलित फैसला सुनाया था. पूर्व मंत्री ने चेताया कि अगर कुत्तों को हटाया गया तो 48 घंटे में गाजियाबाद और फरीदाबाद से कुत्ते दिल्ली में आ जाएंगे, क्योंकि यहां खाना आसानी से मिलता है. उन्होंने कहा अगर कुत्ते नहीं होंगे तो बंदर सड़कों पर उतर आएंगे.