आध्यात्मिक गुरु बाबा नीम करौरी के जीवन और उनकी अलौकिक यात्रा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आज टाइम्स म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर जारी कर दिया गया है। विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अभिनेता शोभिना सत्या ने बाबा नीम करौरी की मुख्य भूमिका निभाई है। ट्रेलर में 1930 के दशक के उत्तर भारत की पृष्ठभूमि को दर्शाते हुए बाबा के अद्भुत चमत्कारों, जनमानस में उनके प्रति अटूट आस्था और ‘भूखों को भोजन’ व सेवा भाव के उनके संदेश को खूबसूरती से पिरोया गया है।
फिल्म की कहानी बाबा के शुरुआती जीवन, उनके आध्यात्मिक सफर और अनुयायियों के साथ उनके गहराते संबंधों के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर में ट्रेन वाली चर्चित घटना सहित उनके जीवन के उन अनछुए पहलुओं को भी दिखाया गया है, जिसने उन्हें भक्तों के लिए एक पूजनीय संत बनाया। शोभिना सत्या के साथ इस फिल्म में विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह आध्यात्मिक फिल्म 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।


