गुजरात के सूरत में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना अश्विनी कुमार इलाके में स्थित एक आभूषण निर्माण कंपनी में हुई, जहां सेप्टिक और ईटीपी टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से मजदूरों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, चारों मजदूर नियमित सफाई कार्य के लिए टैंक में उतरे थे, लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण वे बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पहले एक मजदूर टैंक के अंदर गिरा, जिसे बचाने के लिए अन्य तीन मजदूर भी नीचे उतरे, लेकिन सभी फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूरत पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सफाई के दौरान मजदूरों के पास आवश्यक सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह टैंक नियमित अंतराल पर साफ किया जाता है, लेकिन इस बार सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी सुरक्षा इंतजामों की कमी की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।









