गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे 15 अप्रैल से 15 जुलाई, 2026 तक देशभर में 908 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें चलाना शुरु की है, जो कुल 18,262 यात्राएं करेंगी। इस पहल का उद्देश्य त्योहारी और छुट्टियों के पीक सीजन में यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। रेलवे के अनुसार, इनमें से 660 ट्रेनों की 11,294 यात्राओं की बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है, जिससे यात्रियों को पहले से यात्रा योजना बनाने में सुविधा मिल रही है।
जोनवार आंकड़ों के अनुसार दक्षिण मध्य रेलवे 124 स्वीकृत ट्रेनों (1,184 ट्रिप) के साथ सबसे आगे है, जिसमें से 76 ट्रेनों की 324 यात्राएं अधिसूचित की गई हैं। पश्चिमी रेलवे दूसरे स्थान पर है, जहां 106 ट्रेनें 2,078 यात्राएं करेंगी, जिनमें 92 ट्रेनों की 1,667 यात्राएं पहले ही अधिसूचित हो चुकी हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे में 76 ट्रेनें 2,245 यात्राओं के साथ स्वीकृत हैं, जबकि उत्तरी रेलवे 76 ट्रेनों के साथ 2,090 यात्राएं संचालित करेगा। मध्य रेलवे भी बड़े पैमाने पर संचालन करेगा, जिसमें 74 ट्रेनें 3,082 यात्राओं के लिए स्वीकृत हैं।
दक्षिणी रेलवे, पूर्वी मध्य रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर पूर्वी रेलवे, पूर्वी रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे सहित अन्य जोनों में भी सैकड़ों विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। कुछ जोनों में अधिसूचित यात्राओं की संख्या पहले ही काफी अधिक है, जिससे स्पष्ट है कि रेलवे ने इस बार व्यापक स्तर पर तैयारी की है। इस पहल से देशभर में लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर उन रूट्स पर जहां हर साल गर्मियों में भारी भीड़ देखी जाती है।









