बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर देशभक्ति और सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का पहला पोस्टर हाल ही में मेकर्स ने रिलीज किया है, जिसके साथ फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट भी घोषित कर दी गई है। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म का पोस्टर इंस्टाग्राम पर साझा किया गया, जिसमें इसके शीर्षक के साथ कई किरदारों की झलक देखने को मिलती है। मेकर्स ने इसे “साधारण लोगों की असाधारण कहानी” बताते हुए उस रात की घटनाओं को याद किया है, जब इंसानियत ने डर पर जीत हासिल की थी और कर्तव्य ने बलिदान का रूप ले लिया था।
‘भारत भाग्य विधाता’ 26 नवंबर 2008 की उस दर्दनाक रात से प्रेरित है, जब मुंबई आतंकी हमलों से दहल गई थी। कहानी मुख्य रूप से कामा अस्पताल के भीतर घटित घटनाओं पर आधारित है, जहां बाहरी हमले के बीच निहत्थे कर्मचारियों ने लगभग 400 मरीजों और उनके परिजनों की जान बचाई थी। नर्स, वार्ड बॉय, सफाईकर्मी, सुरक्षा गार्ड और अन्य स्टाफ ने अपनी जान जोखिम में डालकर मानवता का उदाहरण पेश किया था।
इस फिल्म में कंगना रनौत एक नर्स की भूमिका निभा रही हैं। अपने किरदार को लेकर उन्होंने कहा कि असली बहादुरी अक्सर शांत और अदृश्य होती है। यह फिल्म उन आम लोगों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने संकट की घड़ी में भी अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी। कंगना ने आगे कहा कि यह फिल्म देशभक्ति के उस सच्चे रूप को दिखाती है, जहां इंसानियत और जिम्मेदारी सबसे ऊपर होती है। वह 12 जून को दर्शकों के साथ इस कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।


