National

दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में तपेगी धरती, मौसम विभाग ने जारी किया हीटवेव अलर्ट

देश के कई हिस्सों में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भीषण से अति भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना सहित कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक बना रहेगा।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 26 से 29 मई के बीच पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में लू का प्रकोप तेज रहेगा। वहीं पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में अति भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। पंजाब और हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार को गर्मी सबसे ज्यादा परेशान कर सकती है।

उत्तर प्रदेश में 26 से 28 मई तक कई जिलों में लू की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर गंभीर गर्मी पड़ने के आसार हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भी अगले तीन से चार दिनों तक तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि 28 मई तक अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।