Jammu & Kashmir National Politics

‘वोट चोरी’ मुद्दे से इंडिया गठबंधन का कोई लेना-देना नहीं: सीएम उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस के कथित ‘वोट चोरी’ अभियान से इंडिया गठबंधन को अलग करते हुए स्पष्ट किया है कि इस मुद्दे का गठबंधन से कोई संबंध नहीं है। श्रीनगर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल को अपने मुद्दे तय करने का अधिकार है और कांग्रेस ने इसे अपना राजनीतिक एजेंडा बनाया है, लेकिन इंडिया गठबंधन इससे जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अपने मुद्दे खुद तय करेगी।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता शशांक मणि ने कहा कि उमर अब्दुल्ला यह समझते हैं कि ‘वोट चोरी’ अभियान किसी को निशाना बनाने के लिए नहीं बल्कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) की प्रक्रिया का मकसद पारदर्शी और वास्तविक मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने हाल ही में दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली आयोजित की थी। इस रैली में राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ‘मुख्य चुनाव आयुक्त एवं अन्य चुनाव आयुक्त विधेयक, 2023’ में बदलाव का वादा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकार के दबाव में काम कर रहा है और कांग्रेस के सत्ता में आने पर इस कानून को बदलकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।