National

दिवाली-छठ पर यात्रियों को बड़ी राहत! रेलवे चलाएगा 18 हजार विशेष ट्रेनें, स्टेशनों पर बढ़ेंगी सुविधाएं

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस साल व्यापक तैयारियां की हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को जानकारी दी कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर देशभर में करीब 18,000 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। पिछले साल त्योहारों के दौरान लगभग 12,000 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया था।

रेल मंत्री ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल और सूरत के उधना स्टेशन पर बड़े होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इन प्रतीक्षा क्षेत्रों में एक समय पर करीब 20 हजार यात्रियों के ठहरने की क्षमता है। यहां शौचालय, बेहतर वेंटिलेशन और टिकट काउंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यात्रियों को भीड़ के बीच परेशान न होना पड़े।

वैष्णव ने रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों को लेकर भी अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि देशभर में करीब 1,300 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है, जिनमें से लगभग 400 स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। इन परियोजनाओं को अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।

स्टेशनों के डिजाइन में स्थानीय संस्कृति और वास्तुकला को भी प्राथमिकता दी जा रही है। खास बात यह है कि रेलवे यातायात बाधित किए बिना सुरक्षा के साथ पुनर्विकास का काम जारी है। रेलवे का लक्ष्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है।