Maharashtra Politics

बीएमसी चुनाव से पहले ठाकरे बंधुओं का मिलन, मुंबई की सियासत में बड़ा मोड़

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को साधने के लिए रणनीति बना रहे हैं और बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं। पिछले निकाय चुनावों के नतीजों ने इस बार के चुनाव को और अहम बना दिया है। जहां महायुति ने पहले अच्छा प्रदर्शन किया था, वहीं महाविकास अघाड़ी (एमवीए) को निराशा हाथ लगी थी। ऐसे में एमवीए की कोशिश रहेगी कि इस बार समीकरण अपने पक्ष में बदले जाएं।

इसी बीच सबसे बड़ी सियासी खबर यह है कि लंबे समय से अलग चल रहे उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक बार फिर साथ आ गए हैं। दोनों नेताओं ने बीएमसी चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। साझा प्रेस वार्ता में दोनों भाइयों ने 20 साल से अधिक समय बाद एक मंच साझा करते हुए एकजुट होने की घोषणा की।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि वे महाराष्ट्र और मुंबई के हितों की लड़ाई साथ मिलकर लड़ेंगे और किसी भी कीमत पर मुंबई को कमजोर नहीं होने देंगे। वहीं राज ठाकरे ने कहा कि प्रदेश और मुंबई से बड़ा कोई मतभेद नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका प्रमुख मुद्दा भ्रष्टाचार होगा और जल्द ही उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। बीएमसी चुनाव के लिए 15 जनवरी 2026 को मतदान और 16 जनवरी को मतगणना होगी। कुल 227 वार्डों के लिए यह चुनाव आयोजित किए जाएंगे।