National

रेलवे में खत्म हो सकता है RAC टिकट का नियम! अब यात्रियों को मिलेगी पूरी बर्थ?

भारतीय रेलवे में सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए RAC टिकट व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रेलवे इस पुरानी व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे समाप्त करने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसे बंद करने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

RAC यानी रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन ऐसी टिकट व्यवस्था है, जिसमें यात्री को ट्रेन में बैठने की जगह तो मिलती है, लेकिन पूरी बर्थ नहीं मिलती। इसमें आमतौर पर दो यात्रियों को एक साइड लोअर बर्थ साझा करनी पड़ती है। दोनों यात्रियों से पूरा किराया लिया जाता है, जबकि सोने के लिए आधी बर्थ ही मिलती है। इस व्यवस्था पर एक संसदीय समिति ने भी सवाल उठाए हैं। समिति का मानना है कि जब यात्री पूरा किराया चुका रहा है, तो उसे सोने के लिए पूरी जगह मिलनी चाहिए। इसके अलावा, एक ही बर्थ पर महिला और पुरुष यात्रियों को जगह मिलने से भी कई बार असहज स्थिति पैदा होती है।

मौजूदा नियमों के अनुसार, RAC टिकट पर यात्री को बैठने की जगह की गारंटी मिलती है। किसी यात्री के टिकट रद्द करने या ट्रेन में बर्थ खाली होने पर RAC यात्री को पूरी बर्थ आवंटित की जा सकती है। वहीं, वेटिंग लिस्ट के मुकाबले RAC यात्रियों को प्राथमिकता दी जाती है। RAC टिकट को निर्धारित प्रस्थान समय से 30 मिनट पहले तक रद्द कर रिफंड के लिए आवेदन किया जा सकता है। ट्रेन रद्द होने पर नियमानुसार रिफंड मिलता है। फिलहाल यात्रियों की नजर रेलवे के अंतिम फैसले पर टिकी है।