साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तमिल सिनेमा के मशहूर फिल्ममेकर और निर्देशक K Rajan का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने चेन्नई की अड्यार नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। इस खबर के सामने आते ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है और कई बड़े सितारों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना चेन्नई की अड्यार नदी के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद उनका शव नदी से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर यह आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि इसके पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। के राजन अपनी फिल्मों के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते थे। वे फिल्म इंडस्ट्री और समाज से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते थे। यही कारण था कि कलाकारों और फिल्म जगत के लोगों के बीच उन्हें काफी सम्मान मिला हुआ था।
उनके निधन पर अभिनेत्री Khushbu Sundar ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि के राजन का जाना फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं प्रोड्यूसर G Dhananjayan और अभिनेता-राजनेता R. Sarathkumar ने भी दुख जताया। के राजन ने 1983 में फिल्म ‘ब्रह्मचारिगल’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई चर्चित फिल्मों का निर्माण और निर्देशन किया, जिनमें ‘डबल्स’, ‘अव्वल पावन’ और ‘नम्मा ऊरु मारियम्मा’ जैसी फिल्में शामिल हैं।









