गोपालपुर क्षेत्र के नैण गांव में हुई दर्दनाक हत्या की घटना में 19 वर्षीय सिया गुलेरिया का मंगलवार सुबह उनके पैतृक गांव में भारी गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश की लहर फैल गई है। अंतिम विदाई के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के सदस्य मौजूद रहे और सभी ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार में माहौल बेहद भावुक रहा, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर विधायक दिलीप सिंह, एसडीएम राजेंद्र गौतम, डीएसपी संजीव गौतम सहित कई प्रशासनिक और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गांव के लिए चलने वाली बस सेवाएं पिछले एक महीने से बंद थीं, जिससे छात्रों और ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही थी। लोगों का कहना है कि यदि बसें नियमित चल रही होतीं तो शायद छात्रा को अलग रास्ता नहीं लेना पड़ता और यह दर्दनाक घटना टल सकती थी। इस मामले में प्रशासन ने जांच तेज करने का आश्वासन दिया है और आरोपी को जल्द सजा दिलाने की बात कही है। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इसे बेहद दुखद बताते हुए कहा कि आरोपी को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।









