भारतीय क्रिकेट टीम के लिए चोटों का सिलसिला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। अब टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी चोटिल हो गए हैं। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में रविवार, 23 अगस्त से शुरू हुए टेस्ट मैच के पहले दिन बल्लेबाजी करते समय पंत की बाईं कलाई के पास गेंद लग गई, जिसके बाद उन्हें रिटायर हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला और शतकीय साझेदारी की। गिल के आउट होने के बाद पंत क्रीज पर आए, लेकिन वह ज्यादा देर नहीं टिक सके।
पारी के तीसरे सेशन में श्रीलंका के तेज गेंदबाज लाहिरु कुमारा ने राउंड द विकेट से शॉर्ट गेंद फेंकी। पंत ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद के थोड़ा रुककर आने के कारण वह सही टाइमिंग नहीं कर पाए। गेंद सीधे उनकी बाईं कलाई के पास जा लगी। दर्द के कारण खेल रोकना पड़ा और फिजियो ने मैदान पर उनकी जांच की। पट्टी बांधने के बाद भी परेशानी बनी रही, जिसके चलते पंत ने रिटायर हर्ट होने का फैसला किया। उनकी जगह रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी करने आए।
पंत उस समय 15 गेंदों पर 3 रन बनाकर खेल रहे थे। उनके बाहर जाने के बाद भारत ने दो और विकेट गंवाए, लेकिन वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं लौटे। हालांकि, माना जा रहा है कि टीम प्रबंधन ने उन्हें चोट से उबरने का पर्याप्त समय देने के लिए एहतियात बरती है। ऐसे में दूसरे दिन पंत के दोबारा बल्लेबाजी करने की उम्मीद बनी हुई है। डॉक्टरों की जांच के बाद ही उनकी स्थिति को लेकर अंतिम फैसला स्पष्ट होगा।


