आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा को सोशल मीडिया पर बड़ा झटका लगा है। बीते दो दिनों में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से करीब 10 लाख से अधिक लोगों ने उन्हें अनफॉलो कर दिया है। 23 अप्रैल तक उनके फॉलोअर्स की संख्या लगभग 14.6 मिलियन थी, जो अब घटकर करीब 13.5 मिलियन रह गई है। लगातार घटती यह संख्या उनके फैसले पर जनता की नाराजगी को दर्शाती है।
हाल ही में चड्ढा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। उनके साथ कई अन्य नेताओं ने भी पार्टी छोड़ी, जिनमें संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता और हरभजन सिंह शामिल हैं। हालांकि BJP में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ही रहे।
बताया जा रहा है कि चड्ढा पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर असंतुष्ट थे। राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद उनकी नाराजगी खुलकर सामने आई थी। इस पद पर उनकी जगह अशोक मित्तल को नियुक्त किया गया था। इसके बाद चड्ढा ने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी।
राजनीतिक हलकों में यह घटनाक्रम काफी चर्चा में है। एक ओर जहां उनके इस फैसले को करियर का बड़ा कदम माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर घटती लोकप्रियता यह संकेत देती है कि उनके समर्थकों का एक बड़ा वर्ग इस बदलाव से खुश नहीं है।









