पंजाब के बठिंडा जिले के रामपुरा फूल रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, मालगाड़ी के डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए और रेलवे ट्रैक के आसपास के कुछ उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, यह मालगाड़ी बठिंडा से अंबाला की ओर जा रही थी। इसमें मारुति सुजुकी की नई कारें लदी हुई थीं। इसी दौरान रामपुरा फूल स्टेशन के पास मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पहियों के जाम होने और तकनीकी खराबी को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मालगाड़ी की रफ्तार कम थी। ऐसे में बड़ा हादसा होने से बच गया। लोको पायलट और रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को संभालते हुए ट्रेन को रुकवाया। हादसे के कारण तीन डिब्बे तिरछे हो गए, जिससे रेलवे ट्रैक और आसपास के उपकरणों को आंशिक नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद रेल परिचालन भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ और ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा। रेलवे की ओर से प्रभावित ट्रैक और डिब्बों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी पहलुओं की जांच अहम होगी।


