National

ऑनलाइन बिक रहा था जहरीला धतूरा, कर्नाटक में Amazon समेत 3 प्लेटफॉर्म पर बड़ी कार्रवाई

कर्नाटक फूड सेफ्टी एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (KFSDA) ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जहरीले धतूरे (Datura) के फल और बीजों की बिक्री को लेकर सख्त कदम उठाया है। विभाग ने इंसानी इस्तेमाल के लिए धतूरे की बिक्री और लिस्टिंग सामने आने के बाद Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान अधिकारियों को कुछ ऑनलाइन लिस्टिंग में धतूरे के फल और बीज बिकते मिले। कुछ पैकेटों पर FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने धतूरे को जहरीला बताते हुए इसके सेवन से गंभीर स्वास्थ्य जोखिम की आशंका जताई है।

अथॉरिटी ने संबंधित प्लेटफॉर्म को इंसानी उपभोग के लिए धतूरे की सभी ऑनलाइन लिस्टिंग और विज्ञापन तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इसके खाद्य पदार्थ के रूप में प्रदर्शन, बिक्री और वितरण पर रोक लगाने को कहा गया है। विभाग के अनुसार, Amazon की ओर से मामले में अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। Swiggy Instamart ने दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है, जबकि BigBasket ने धतूरे से जुड़े प्रोडक्ट की बिक्री रोकने की जानकारी दी है। KFSDA ने संबंधित विक्रेताओं और सप्लायर कंपनियों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन की भी जांच के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।