National Politics

“NDA की जीत के बाद पुडुचेरी में नई सरकार, एन. रंगासामी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ”

पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के बाद नई सरकार का गठन हो गया है। ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस यानी एआईएनआरसी के प्रमुख एन. रंगासामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। रंगासामी के साथ भाजपा नेता ए. नमस्सिवयम ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली, जिससे एनडीए गठबंधन की साझेदारी साफ दिखाई दी। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री रंगासामी ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि उनकी सरकार जनकल्याण योजनाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से लागू करेगी। उन्होंने पुडुचेरी को “सिंगापुर जैसा विकसित” बनाने का विज़न भी सामने रखा।

वहीं भाजपा नेता ए. नमस्सिवयम ने कहा कि सरकार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में नई विकास योजनाएं शुरू की जाएंगी। एआईएनआरसी नेता मल्लाडी कृष्णा राव ने भी सरकार के विकास एजेंडे पर भरोसा जताया और कहा कि केंद्र सरकार का सहयोग पुडुचेरी के पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेगा। गौरतलब है कि 4 मई को घोषित चुनाव परिणामों में एनडीए गठबंधन ने पुडुचेरी में सत्ता बरकरार रखी। 30 सदस्यीय विधानसभा में एआईएनआरसी ने 12 सीटें, भाजपा ने 4 और एआईएडीएमके ने 1 सीट हासिल की। वहीं डीएमके को 5 और कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट मिली। नई सरकार के गठन के साथ अब पुडुचेरी में विकास और राजनीतिक स्थिरता को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।