मुंबई ट्रैफिक पुलिस को व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर एक धमकी भरा मैसेज मिला है, जिसमें दावा किया गया है कि 14 आतंकी शहर में घुस आए हैं और उन्होंने 400 किलो आरडीएक्स 34 अलग-अलग वाहनों में छुपा दिया है. यह मैसेज आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. एक अधिकारी ने बताया कि यह संदेश गणेश विसर्जन के दिन आया, जब शहर में भारी भीड़ होती है. ऐसे में पुलिस पहले से ही सुरक्षा इंतजामों में जुटी थी। धमकी में ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नाम के संगठन का जिक्र किया गया है. पुलिस की क्राइम ब्रांच, एटीएस और अन्य एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है. शहर के कई हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चल रहा है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की है.


